Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में वर्दी की धौंस दिखाकर सिपाही ने दुकानदार से 49 हजार रुपये ठगे, सिपाही निलंबित

देहरादून। वर्दी की धौंस दिखाकर एक सिपाही ने दुकानदार से 49 हजार रुपये अपने खाते में आनलाइन ट्रांसफर करवा दिए। सिपाही ने कैश देने की बात कही थी, लेकिन बाद में रुपये देने से इनकार कर दिया। मामला जब एसएसपी के पास पहुंचा तो उन्होंने तत्काल आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश जारी किए। साथ ही सिपाही को निलंबित भी कर दिया है।
पुलिस को दी तहरीर में दुकानदार अमित यादव, निवासी चंदन नगर रेस्ट कैंप ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही जौनी सिंह दो मई को उनकी दुकान पर आया और मोबाइल पर बुजुर्ग महिला की फोटो दिखाकर कहा कि यह उसकी सास है, जिसकी तबीयत बहुत खराब है।
आरोपित ने कहा कि सास के इलाज के लिए उसे रुपये चाहिए। आरोपित ने दुकानदार से कहा कि मुझे आनलाइन रुपये ट्रांसफर करो मैं तुम्हें कैश दूंगा। विश्वास करते हुए दुकानदार ने आरोपित सिपाही के खाते में 49 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपित ने कैश देने से इनकार कर दिया।
दुकानदार ने बताया कि रुपये वापस करने के बजाए आरोपित सिपाही वर्दी का रौब झाड़ता रहा। परेशान होकर उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया, जिसके बाद शहर कोतवाल केसी भट्ट मौके पर पहुंचे और सिपाही जौनी सिंह को अपने साथ ले गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि जांच के बाद आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ठगी करने वाले सिपाही को निलंबित भी कर दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›