Connect with us

उत्तराखण्ड

घने कोहरे के आगोश में उत्तराखंड, शीत लहर से लोग बेहाल, घरों में कैद

Published

on

खबर शेयर करें 👉

तापमान ने बढ़ाई ठिठुरन, इन जिलों में छाएगा घना कोहरा
देहरादून। उत्तराखंड में तापमान गिरने लगा है। पहाड़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते अब मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है।
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। गुरुवार को कुमाऊं मंडल की ऊंची चोटियों में हल्का हिमपात होने से निचले हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। हरिद्वार व ऊधम सिंह नगर जनपद में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, गुरुवार को मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 9.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो प्रदेशभर में सबसे कम है। गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी व टिहरी जिले में दिन में धूप खिल रही है, जिससे कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम को ठिठुरन बेहाल कर रही है।
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान देहरादून में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 11.7 व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान 14.2 व न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। हरिद्वार व ऊधम सिंह नगर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। टिहरी, पौड़ी व देहरादून जिले में कहीं-कहीं उथला कोहरा छाये रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने के आसार हैं।

Select Language

Advertisement