Report by : CWN Desk
Published at :
देवप्रयाग में कार करीब 25 मीटर नीचे खाई में गिरी, एक शिक्षक और एक शिक्षिका की मौत

रुद्रप्रयाग। देवप्रयाग में मुल्यागांव-पलेठी मोटर मार्ग पर मंगलवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। एक कार करीब 25 मीटर नीचे खाई में गिर गई। दुर्घटना में एक शिक्षक और एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार एक अन्य शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल शिक्षिका को उपचार के लिए बेस चिकित्सालय भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों शिक्षक हिंडोलाखाल में चल रही मोबाइल एप्लीकेशन ट्रेनिंग से श्रीनगर लौट रहे थे। पलेठी डोब्ल्यो के निकट कार हनुमान चौक के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे जा गिरी।
हिंडोलाखाल थाना के एसआई विक्रम शुक्ला ने बताया कि कार में चालक सहित तीन लोग सवार थे। जिसमें श्रीनगर निवासी अर्जुन सिंह रावत (45वर्ष) पुत्र विजय सिंह रावत, अनिता नेगी (46 वर्ष) पत्नी संतोष नेगी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोब्ल्यों में कार्यरत थे। जबकि दुर्घटना में अनिता ममगांई (54 वर्ष) पत्नी अविनाश ममगांई निवासी श्रीनगर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
शिक्षिका ग्राम क्वीली विद्यालय पट्टी हिंसरियाखाल में कार्यरत हैं। जिन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती किया गया है। वहीं, दूसरी ओर दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने घटना स्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग दिया। उन्होंने घायल महिला को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने घटना में शिक्षकों की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। इस मौके पर पुलिस सहित राजस्व विभाग की टीम व स्थानीय लोग मौजूद थे।  

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›