Paras Bisht

विधायक मोहन सिंह बिष्ट और भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर लालकुआं के सीमा विस्तार और विकास कार्यों की मांग उठाई।

हल्द्वानी। लालकुआं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और विभिन्न प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान लालकुआं नगर पंचायत का सीमा विस्तार कर इसे नगरपालिका या नगर निगम बनाने तथा क्षेत्र के कई अन्य हिस्सों के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में लालकुआं रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराने, बस स्टेशन बनने तक रोडवेज बसों को यात्रियों के लिए रोकने और बसों का संचालन वाया टांडा के बजाय लालकुआं से कराने की पुरजोर मांग उठाई गई। इसके अलावा बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, वन, राजस्व और जिलाधिकारियों की बैठक शीघ्र बुलाने के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी विद्यालयों में कार्यरत भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने, बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों की 6 महीने की अनिवार्य इंटर्नशिप के दौरान मानदेय 13000 रुपये करने तथा लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत क्षतिग्रस्त नहरों व गूलों का पुनर्निर्माण कराने जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह बिष्ट के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष लालकुआं अरुण जोशी, उपाध्यक्ष हरीश नैनवाल, सुंदर सिंह खनका, विकास गुप्ता, मुन्ना अंसारी और मनोज मौर्या सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।