Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी और रामनगर में दो लिपिक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

सीबीआई ने ईपीएफओ कार्यालय हल्द्वानी से एक बाबू और विजिलेंस ने एआरटीओ दफ्तर रामनगर में प्रधान सहायक को पकड़ा
हल्द्वानी। हल्द्वानी और रामनगर में शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों में दो लिपिकों को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई ने ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी से एक बाबू को 1500 रुपये घूस लेते पकड़ा, वहीं विजिलेंस टीम ने एआरटीओ दफ्तर रामनगर में 2200 रुपये रिश्वत लेते हुए प्रधान सहायक को गिरफ्तार किया।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के कुमाऊं क्षेत्रीय कार्यालय में शुक्रवार को सीबीआई देहरादून की टीम ने छापेमारी कर एक लोअर डिविजन क्लर्क को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी लिपिक एक महिला को पेंशन जारी करने के नाम पर 1500 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। महिला के बेटे ने इसकी शिकायत सीबीआई के टोलफ्री नंबर पर की थी। शुरुआती जांच में पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी लिपिक विजय शंकर शर्मा को गिरफ्तार किया। देहरादून सीबीआई कार्यालय के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, दूसरा मामला रामनगर के एआरटीओ कार्यालय का है। यहां सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने सीओ अनिल मनराल के नेतृत्व में शुक्रवार शाम एआरटीओ दफ्तर में छापा मारा। कार्यालय के प्रधान सहायक ललित मोहन आर्या को टीम ने 2200 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी प्रधान सहायक काशीपुर के जसपुर खुर्द क्षेत्र का निवासी है। आरोप है कि वह एक ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन के लिए रुपये मांग रहा था। इस पर ई-रिक्शा मालिक ने विजिलेंस से शिकायत की थी। सीओ अनिल मनराल ने बताया कि विजिलेंस की टीम ने प्रधान सहायक के खिलाफ आरोपों की जांच की थी। जांच में आरोप सही पाये जाने के बाद आरोपी प्रधान सहायक ललित आर्या के खिलाफ ट्रैप की कार्रवाई की गई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›