Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में भाई ने बहन को किया फोन, बोला अपना ध्यान रखना और फिर कमरे में मृत मिला

जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, परिवार में भाई और बहन की बीमारी से बताया जा रहा तनावग्रस्त
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में किराना व्यापारी की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मूल रूप से बागेश्वर व हाल पीलीकोठी निवासी विनोद तिवारी (43) पुत्र महेश चंद्र तिवारी की किराने की दुकान है। बुधवार शाम वह दुकान बंद कर कमरे में चले गए। रात के समय विनोद ने मुखानी में ही रहने वाली बहन भगवती को फोन किया और अपना ध्यान रखने की बात कही। आनन-फानन में बहन घर पहुंची। दरवाजा खोलकर देखा तो विनोद जमीन पर पड़े मिले। उन्हें तत्काल एसटीएच लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की संभावना जताई जा रही है।
मृतक विनोद का एक बड़ा भाई और पांच बहनें हैं। बड़े भाई कैलाश चंद्र का दिल्ली एम्स में उपचार चल रहा है। बुधवार को ही कैलाश ने विनोद को फोन कर बताया था कि डॉक्टर ने हार्ट में स्टंट डलवाने की बात कही है। वहीं विनोद के साथ रहने वाली बहन खष्टी की भी तबीयत खराब चल रही थी। बुधवार को वह एसटीएच गई थी। लोगों की मानें तो दोनों के खराब स्वास्थ्य को लेकर विनोद परेशान चल रहे थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›