Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में मैजिक पेन से भरवाया कैंसिल चेक और फिर कैश करवाने चला गया बैंक शातिर ठग

व्यापारी को लोन दिलाने के नाम पर कैंसिल चेक से ठगी की कोशिश
हल्द्वानी
। जालसाज अब ठगी के नए-नए तरीके ढूंढ रहे हैं। इस बार व्यापारी को लोन दिलाने के नाम पर कैंसिल चेक से ठगी की कोशिश की गई। व्यापारी से कैंसिल चेक को मैजिक पेन से भरवाया। दो दिन बाद ठग बैंक से पैसे निकालने पहुंच गया। हालांकि व्यापारी ने पहले ही अपना चेक ब्लॉक करा दिया। इस बीच चेक कैश कराने पहुंचा ठग बैंक से फरार हो गया।
सीमेंट सरिया के व्यापारी प्रकाश कांडपाल की हल्द्वानी गैस गोदाम रोड और हल्दूचौड़ में हार्डवेयर की दुकान है। उन्होंने कई प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में 30 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। 30 मार्च को एक बड़ी फाइनेंस कंपनी के कॉल पर उन्होंने लोन के लिए हामी भर दी। फोन करने वाले ने कहा कि वह 31 मार्च को उनके पास सर्वेयर को भेज रहा है। 31 मार्च को सर्वेयर आया। उसने लोन के लिए प्रकाश कांडपाल से डॉक्यूमेंट समेत कैंसिल चेक भी ले लिया। सर्वेयर ने उस कैंसिल चेक में हस्ताक्षर तो दूसरी पेन से कराए जबकि ‘कैंसिल चेक’ मैजिक पेन से लिखा। इसके बाद सर्वेयर चले गया। दो दिन तक शक न हो इसलिए वह व्यापारी प्रकाश कांडपाल के लगातार संपर्क में रहा। उधर प्रकाश कांडपाल को शक हुआ। उन्होंने बैंक में कॉल करके सर्वेयर को दिए चेक को ब्लॉक करवा दिया। दो दिन छुट्टी के चलते मंगलवार को जब बैंक खुला तो ठग नवीन मंडी बरेली रोड के पास बैंक की शाखा में पहुंचा। उसने मैजिक पेन से लिखा हुआ मिटाया और चेक में 48500 रुपये भरकर पैसा निकालने लगा। पूर्व सूचना के चलते बैंककर्मियों ने जब उसे पकड़ना चाहा तो वह भाग खड़ा हुआ। यह वाक्या बैंक के सीसीटीवी मे कैद हो गया।
मैजिक पेन एक खास तरह का पेन होता है। इसकी स्याही उड़ने वाली होती है। यानी अगर आप इस पेन से कुछ लिखते हैं तो वह 2 से 3 घंटे बाद अपने आप मिट जाता है। शातिर अपराधी सामने वाले व्यक्ति से छोटी रकम का चेक लेते हैं। उस पर उनके पैन से हस्ताक्षर करा लेते हैं। इसके बाद रकम अपने पास रखे मैजिक पैन से भरते हैं। मगर थोड़ी देर बाद स्याही उड़ जाती है। इसके बाद ठग मनचाही रकम चेक पर भरकर ठगी कर लेते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›