Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में स्कूल बस में इस वजह से लगी आग, बाल बाल बचे 37 बच्चे

चालक की समझदारी और हाइवे चौड़ीकरण में लगी कंपनी के कर्मचारियों ने बच्चों को बचाया
हल्द्वानी। मोटाहल्दू में बच्चों को ले जा रही शैमफोर्ड स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। चालक ने तुरंत बस सड़क किनारे लगाई और सवार 37 स्कूली बच्चों को लोगों की मदद से सकुशल बाहर निकाला। बस में आग देखकर हाइवे चौड़ीकरण में लगी कंपनी के कर्मचारियों ने पानी का टैंकर लाकर आग बुझाना शुरू किया। आग बुझाने की कोशिश में चालक के हाथ झुलस गए। बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन ने दूसरी बस मंगाकर बच्चों को स्कूल भेजा।
जानकारी के मुताबिक हल्दूचौड़ के ग्रामीणों क्षेत्रों से 37 बच्चों को चालक खेम सिंह शनिवार सुबह स्कूल ला रहे थे। सुबह आठ बजे हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने बस के इंजन से दुर्गंध आने लगी। खतरा भांपकर चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे लगाया। देखते ही देखते बस के इंजन से धुएं का गुबार उठने लगा और इंजन ने आग पकड़ ली। घबराए बच्चों में चीख पुकार मच गई। चालक ने बस का इमरजेंसी दरवाजा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। लालकुआं कोतवाल डीआर वर्मा ने बताया कि बस सवार सभी बच्चे सुरक्षित निकाल लिए गए। बस के इंजन में आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›