Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, सात घायल

हल्द्वानी। जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
मेडिकल चौकी पुलिस के मुताबिक अल्मोड़ा निवासी जय प्रकाश (35) रविवार को रामनगर में शादी समारोह में गए थे। देर रात समारोह से काशीपुर की तरफ जा रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। उन्हें एसटीएच रेफर किया गया। यहां पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई। वहीं वहीं रिजॉर्टकर्मी भलौन पाटकोट गांव निवासी 21 वर्षीय सोहन पाठक पुत्र सुरेश पाठक दो साथियों के साथ रविवार रात सांवल्दे गांव स्थित अपने कमरे से बाइक पर खाना खाने के लिए होटल जा रहा था। रास्ते में उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल लाया गया। परिजनों का आरोप है कि उपचार के बाद चिकित्सकों ने सोहन को घर ले जाने के लिए कहा था। घर जाने के बाद सोहन की हालत अचानक खराब हो गई। उसे परिजन दोबारा अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि उपचार में लापरवाही की गई। अस्पताल संचालक डॉ. प्रतीक सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है।
ऊधर, लालकुआं में मोटाहल्दू निवासी हरिपाल(18) अपने भाई अमन गंगवार(15) के साथ मोटाहल्दू घर से किच्छा की ओर बाइक से जा रहे थे। वीआईपी गेट के समीप स्कूटी से टक्कर हो गई। स्कूटी में रवि भारती सवार था। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और तीनों को चोट लग गई। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। कोतवाली पुलिस घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं ले आई। हरपाल के सीने में तेज दर्द होने पर उन्हें हायर सेंटर एसटीएच रेफर कर दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›