Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में महिंद्रा के शोरूम से दो कुंतल को लॉकर ही उठाकर ले गए चोर

लॉकर नहीं टूटा तो चोरों ने दिया दुस्साहसिक वारदात को दिया अंजाम, लॉकर में थे 25 लाख

हल्द्वानी। टीपी नगर चौकी क्षेत्र स्थित महिंद्रा शोरूम में रात घुसे नकाबपोश बदमाश दो कुंतल वजनी लॉकर सहित 25 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस, एसओजी और फॉरेंसिंक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। शोरूम मालिक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पालम सिटी निवासी संजय अग्रवाल उर्फ गोलू ने बताया कि उनका रामपुर रोड में बजरंग मोटर्स के नाम से महिंद्रा गाड़ियों का शोरूम है। शनिवार रात करीब नौ बजे रोज की तरह शोरूम बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह वह नवरात्र पर पूजा पाठ की तैयारी कर रहे थे, तभी शोरूम के कर्मचारी ने उन्हें ऑफिस के दरवाजे का लॉक टूटा होने की सूचना दी। उन्होंने शोरूम पहुंचकर देखा तो दफ्तर से दो कुंतल का लॉकर गायब था, जिसमें करीब 25 लाख रुपये की नगदी रखी थी। सीसीटीवी की जांच में चोर तिजोरी को तोड़ते दिखे, जब सफल नहीं हुए तो उसे रगड़ते हुए ले गए। चौकी प्रभारी पंकज जोशी ने बताया, जांच की जा रही है।
लॉकर शोरूम की दूसरी मंजिल पर रखा था। चोर पहले शोरूम से लॉकर को करीब 25 मीटर दूर खिड़की तक खींच कर ले गए। इसके बाद खिड़की से बगल में बन रहे निर्माणाधीन भवन की छत पर फेंक दिया। भवन की छत पर भी काफी दूर तक लॉकर की खींचा, इसके बाद नीचे खेत में फेंक दिया। खेत के पास एक कार खड़ी थी, उसमें पैसों से भरा लॉकर लेकर भाग गए। चोरी में करीब 4 से 5 लोगों के शामिल होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
शोरूम मालिक के अनुसार उन्होंने अपने यहां दो सुरक्षा गार्ड रखे हुए हैं जो रात के समय तैनात रहते हैं। खास बात यह है कि इतने बड़े घटनाक्रम के दौरान चोरों को इसकी भनक तक नहीं। कर्मचारियों ने बताया कि करीब छह माह पहले दफ्तर से पैसे चोरी हो गए थे। इससे बचने के लिए ऑफिस में दो कुंतल का लॉकर लाकर रखा था। तीन दिन से पैसा बैंक में जमा नहीं किया गया था। वहीं नवरात्र पर डिलीवरी के लिए कई गाड़ियों की बुकिंग का पैसा भी आया था। इस वजह से लॉकर में काफी पैसा रखा था। इसके अलावा लॉकर में 150 चांदी के सिक्के भी रखे थे।
बदमाशों ने वारदात को 22 मिनट में अंजाम दिया। सीसीटीवी में बदमाश देर रात 2.18 बजे शोरूम में घुसते और 2.40 बजे निकलते दिखे। इस दौरान उन्होंने मुख्य सीसीटीवी कैमरे पर कपड़ा डाल दिया। चोरों को पता था, शोरूम मालिक के दफ्तर के अलावा अन्य कमरों में ताले नहीं लगते हैं। आशंका है कि पूरी रैकी के साथ वारदात को अंजाम दिया गया। जानकार भी शामिल हो सकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›