Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में तथाकथित मीडिया कर्मी बने पुलिस के लिए सरदर्द, पुलिस को चौकी के बाहर लगाना पड़ा “…प्रवेश वर्जित” है

हरिद्वार। जिले में कई थाना-कोतवालियोंं में दलालों और तथाकथित मीडियाकमियों ने पुलिस का सिरदर्द बढ़ाया हुआ है। हर मामलों में दलालों के टांग फंसाने से परेशान ज्वालापुर रेल चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर ने पुलिस चौकी के बाहर बाकायदा चेतावनी बोर्ड लगा दिया है। जिसमें हिदायत दी गई है कि पुलिस चौकी में दलालों का प्रवेश वर्जित है। ये बोर्ड चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिले में इस समय कथित पत्रकारों के दर्जनों समूह सक्रिय हैं। जिससे पुलिस सहित कई विभागों का सिरदर्द बढ़ा हुआ है। महत्वपूर्ण बात यह है कि समस्या अकेले ज्वालापुर की नहीं, बल्कि अधिकांश थाना-कोतवाली व पुलिस चौकी में बनी हुई है। सुबह से शाम तक इर्द-गिर्द मंडराने वाले कथित मीडियाकर्मियों का पत्रकारिता से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है।
छोटे से छोटे मामलों में टांग फंसाना और गलत तरीके से वसूली करने के मामले लगभग हर दिन सामने आ रहे हैं। इसलिए पुलिस ही नहीं, कई अन्य सरकारी विभाग, नेता, राशन डीलर, ठेकेदार आदि परेशान हैं। ऐसे तत्व कथित मीडियाकर्मियों के भेष में होने के चलते पुलिस सहित कोई भी विभाग इन पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है।
रेल चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर ने तंग आकर चेतावनी बोर्ड लगाया है। समस्या इसलिए भी बढ़ती जा रही है कि अपराधिक घटनाओं और कानून व्यवस्था के लिए समय-समय पर अभियान चलाकर बाहरी लोगों का सत्यापन करने वाली पुलिस या अन्य विभाग कथित मीडियाकर्मियों का कोई सत्यापन नहीं करता।
जबकि हाल यह है कि दूसरे प्रदेशों और जिलों से आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने भी हरिद्वार आकर कथित मीडियाकर्मी का चोला पहना हुआ है। इनकी पूरी दुकान पुलिस के मीडिया सेल के भरोसे चल रही है। वहीं, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल का कहना है कि ऐसे तत्वों का जल्द ही सत्यापन कराया जाएगा। इस बारे में दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›