Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार और अयोध्या के बीच चलेगी सीधी ट्रेन

22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, ये रहेगी ट्रेन की समयसारिणी
हरिद्वार। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में अगले वर्ष 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इसके साथ रेलवे ने देश-विदेश से अयोध्या आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अयोध्या से हरिद्वार के लिए सीधे ट्रेन सेवा नहीं है।
रेलवे बोर्ड ने हरिद्वार-अयोध्या के बीच तीर्थ यात्रा ट्रेन चलाने की तैयारी की है। इसका टाइम टेबल तैयार किया जा रहा है। ट्रेन के संचालन का जिम्मा मुरादाबाद मंडल के पास रहेगा। इसके लिए सारी तैयारियां कर ली गई हैं।
देश-विदेश के बड़ी संख्या में पर्यटक अयोध्या के साथ हरिद्वार भी आना चाहते हैं। कई हरिद्वार में गंगा स्नान और पहाड़ की वादियों में घूमकर रामलला के दर्शन करने का प्लान बनाते हैं। अयोध्या और हरिद्वार के बीच सीधी ट्रेन सेवा नहीं होने की वजह से पर्यटकों को परेशानी होती है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। लिहाजा रेलवे ने हरिद्वार और अयोध्या के बीच सीधी ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
ट्रेन रात को अयोध्या से रवाना होगी, सुबह हरिद्वार पहुंच जाएगी। ट्रेन का नाम तीर्थ यात्रा स्पेशल रखा जाना प्रस्तावित है। रेलवे सूत्रों का कहना है कि ट्रेन प्रतिदिन या सप्ताह में तीन चलेगी, इस बारे में मंथन किया जा रहा है। संभावना है कि अभी ट्रेन का संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाए, यात्री बढ़ने पर संचालन प्रतिदिन किया जा सकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›