Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में परीक्षा में नहीं बैठ पाने से आहत 12वीं के छात्र ने पेड़ पर लटकर फांसी लगाई

परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंचने पर छात्र को परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया
हरिद्वार। परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंचने के कारण पेपर में बैठने नहीं दिए जाने पर मुजफ्फरनगर निवासी इंटर के एक छात्र ने फांसी लगा ली। उसका शव थाना कलियर क्षेत्र के हद्दीपुर गांव के बाहर ही जंगल में आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कलियर थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि मंगलवार से उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बताया कि मंगलवार को इंटरमीडिएट के हिंदी का पेपर देने के लिए गांव न्यामू थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर, उप्र निवासी गुरमीत (18) बाइक पर सवार होकर हद्दीपुर गांव के इंटर कालेज (परीक्षा केंद्र) पहुंचा था।
बताया कि किसी कारण परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंचने के कारण उसे परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया। इसके बाद छात्र वहां से चला गया। देर रात तक गुरमीत के घर न पहुंचने पर स्वजन चिंता हुई। इसके चलते रात को ही वह स्वजन कलियर क्षेत्र आ गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
उसकी तलाश में बुधवार को परीक्षा केंद्र पर जाकर पता किया गया तो जानकारी मिली कि वह मंगलवार की परीक्षा में शामिल ही नहीं हुआ। उसकी तलाश के दौरान बुधवार दोपहर पुलिस को गांव के बाहर आम के बाग में गुरमीत का शव पेड़ से लटका मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि शायद छात्र पेपर छूटने की वजह से दुखी था, इसके चलते शायद उसने आत्महत्या कर ली। मामले की छानबीन की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›