Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में चौकी प्रभारी पर लगा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप

पीड़िता की शिकायत पर कोर्ट ने हरिद्वार पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए
हरिद्वार। शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने के मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने हरिद्वार पुलिस के दरोगा खेमेंद्र गंगवार के खिलाफ संबंधित कोतवाली प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इधर दरोगा ने आरोपों को निराधार बताया है।
नोएडा निवासी शिकायतकर्ता महिला ने कोर्ट में दिए शिकायत पत्र में बताया कि वर्ष 2018 में वह हरिद्वार घूमने के लिए आई थी। जहां उसकी पहचान एक युवक खेमेंद्र गंगवार से हुई थी। आरोप लगाया है कि युवक ने शिकायतकर्ता महिला को उत्तराखंड पुलिस का दरोगा बताकर शादी का प्रस्ताव दिया था। यही नहीं, शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाने से मना किया, तो दरोगा ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में हरिद्वार में तैनात उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार ने उसे शादी करने का विश्वास दिलाते हुए उसके नाम से अपनी पत्नी दिखाकर एक प्लॉट खरीदा था, लेकिन इसके बावजूद दरोगा शिकायतकर्ता से शादी न करके लगातार उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने दरोगा पर जेवरात और पैसे हड़पने का आरोप भी लगाया है। शिकायतकर्ता महिला ने दरोगा पर मानसिक, आर्थिक व शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। मामले की सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट अंजू ने संबंधित दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए हैं। उधर चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि आरोप निराधार है, मामला ब्लैकमेलिंग से जुड़ा हुआ है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›