हल्द्वानी
नैनीताल में दिल्ली की युवती से टैक्सी ड्राइवर की दरिंदगी, पूरी रात जंगल में काटी
नैनीताल घूमने आई दिल्ली की युवती से टैक्सी चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बहादुर युवती ने नंगे पैर भागकर जंगल के कलवर्ट में छिपकर बचाई जान। आरोपी गिरफ्तार।
नैनीताल। शांत वादियों में सुकून की तलाश में आई दिल्ली की एक युवती को भीषण दरिंदगी का सामना करना पड़ा। हल्द्वानी से नैनीताल के लिए बुक की गई टैक्सी के ड्राइवर ने रास्ते में युवती को अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की, जिसके बाद बहादुर युवती किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर नंगे पैर घने जंगल की ओर भाग निकली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने हल्द्वानी से नैनीताल जाने के लिए दीपक बोरा नामक चालक की कार बुक की थी। रास्ते में चालक ने पटवाडांगर मार्ग के सुनसान जंगल की ओर गाड़ी मोड़ दी। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और उसका फोन छीन लिया। हाथापाई के दौरान युवती टैक्सी से उतरकर अंधेरे जंगल में भाग गई और पूरी रात एक कलवर्ट (कलमठ) में छिपकर बिताई।
युवती ने बताया कि वह प्रकृति प्रेमी है और उसे यकीन है कि उसी प्रकृति ने उसे हैवान से बचाया। पूरी रात जंगली जानवरों और आरोपी के डर के बीच वह कलवर्ट में दुबकी रही। सुबह उजाला होने पर वह किसी तरह बल्दियाखान पहुंची और स्थानीय महिला व ग्राम प्रधान की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से युवती का पर्स, चप्पल और अन्य सामान बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक दीपक बोरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर महिला सुरक्षा और टैक्सी चालकों के सत्यापन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा की है और आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग उठाई है।
