Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: सड़क हादसे के मृतक से मोबाइल और अंगूठी उड़ाने वाले 2 ‘गिद्ध’ गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने मानवता को शर्मसार करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सड़क दुर्घटना के मृतक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी की थी।

हल्द्वानी।  देवभूमि उत्तराखंड के हल्द्वानी में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जहाँ एक ओर सड़क हादसे के बाद लोग मदद के लिए हाथ बढ़ाते हैं, वहीं समाज में ऐसे ‘गिद्ध’ भी मौजूद हैं जो लाशों को लूटने से भी बाज नहीं आते। हल्द्वानी पुलिस ने ऐसे ही दो शातिर चोरों को दबोचा है, जिन्होंने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले एक युवक के वाहन से उसका मोबाइल और सोने की अंगूठी पार कर दी थी।
मामला बीती 28 फरवरी 2026 का है, जब बरेली रोड निवासी गोपाल सिंह बिष्ट के पुत्र अरुण बिष्ट का दुखद एक्सीडेंट हो गया था। बेटे को खोने के गम में डूबे परिवार को तब एक और गहरा झटका लगा जब उन्हें पता चला कि हादसे के तुरंत बाद अज्ञात चोरों ने मृतक के वाहन से कीमती विवो मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी कर ली है। पिता की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 305(B) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम को तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस ने जाल बिछाया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस टीम ने गौजाजाली निवासी मौ. उवेश उर्फ मुन्ना और इन्द्रानगर निवासी मौ. सैफ अली को 5 मार्च को धर दबोचा।
पुलिस ने पकड़े गए इन अभियुक्तों के पास से मृतक का मोबाइल और सोने की अंगूठी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। इस घृणित कार्य को अंजाम देने वालों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम की चौतरफा सराहना हो रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, उ0नि0 रविन्द्र सिंह राणा और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

Select Language

Advertisement