Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

पौड़ी में गुलदार का खौफ: व्यक्ति को मार कर आधा खाया, ग्रामीणों ने अधिकारियों को बनाया बंधक

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पौड़ी के कोट ब्लॉक में गुलदार ने 45 वर्षीय प्रकाश लाल को उतारा मौत के घाट। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के रेंजर और तहसीलदार को पंचायत भवन में बंधक बनाया। पढ़ें पूरी खबर।

पौड़ी: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक के बलमणा गांव का है, जहां सोमवार शाम एक गुलदार ने 45 वर्षीय प्रकाश लाल पर जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। सोमवार शाम काम से घर लौट रहे प्रकाश लाल को गुलदार सड़क से नीचे घसीट ले गया और उनके शरीर का आधा हिस्सा नोंचकर खा लिया।
घटना तब सामने आई जब सोमवार देर रात तक प्रकाश लाल अपने घर नहीं पहुंचे। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, तो पटवारी चौकी के पास उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की वीभत्स स्थिति को देखकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। इलाके में लंबे समय से गुलदार की मौजूदगी से लोग डरे हुए थे, लेकिन इस घटना ने उनके आक्रोश को चरम पर पहुंचा दिया।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जब रेंजर नक्षत्र लव शाह और तहसीलदार दीवान सिंह राणा मौके पर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। सुरक्षा और वन विभाग की लापरवाही से नाराज लोगों ने रेंजर और तहसीलदार समेत अन्य कर्मचारियों को पंचायत भवन के एक कमरे में करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। ग्रामीणों की मांग थी कि हमलावर गुलदार को तुरंत आदमखोर घोषित कर गोली मारी जाए।
स्थिति तनावपूर्ण देख उच्चाधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की। वन विभाग की ओर से इलाके में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के ठोस आश्वासन के बाद ही बंधक बनाए गए अधिकारियों को छोड़ा गया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, लेकिन गांव में अब भी दहशत का सन्नाटा पसरा हुआ है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement