Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के समीप पहुंचा, प्रसाशन अलर्ट

ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के समीप पहुंचा, प्रसाशन अलर्ट
ऋषिकेश। उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश ने नदियों का जलस्तर बढ़ा दिया है। नदियां उफान पर है और इसी को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्र में पिछले दो दिन से हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण गंगा की सहायक नदियां का जलस्तर बढ़ गया। जिसका असर ऋषिकेश में गंगा के जलस्तर पर भी देखा गया है।
ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के समीप पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के मुताबिक ऋषिकेश में गंगा की चेतावनी रेखा 339.50 मीटर है। बुधवार की सुबह यहां गंगा का स्तर 339.25 मीटर पहुंच गया। त्रिवेणी घाट में आरती स्थल तक पानी आ गया है।
ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में सुबह के वक्त हल्की धूप निकली थी। जिसके बाद फिर से बादल छा गए हैं। मंगलवार दोपहर बाद से वर्षा नहीं हुई है। बुधवार को वर्षा की फिर संभावना बन गई है। अनुमान है कि आज एक बार फिर से आसमान से तेज बारिश होगी।
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस प्रशासन और नगर निगम की ओर से पूर्व में ही यहां की तटीय बस्तियों में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से सभी को अलर्ट कर दिया गया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केआर पांडेय ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ जल पुलिस की तैनाती की गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›