Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में चार व पांच नवंबर को त्रिवेणी घाट पर गंगा उत्सव का होगा आयोजन

ऋषिकेश। जिला गंगा सुरक्षा समिति की ओर से चार व पांच नवंबर को त्रिवेणी घाट पर गंगा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत गंगा अवतरण की दिव्य कथा, लोक नृत्य, लोक गीत का कार्यक्रम होगा। साथ ही गंगा स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक, नृत्य नाटिका, गंगा स्वच्छता शपथग्रहण, घाट की स्वच्छता, स्वच्छता जनजागरूकता रैली भी आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति की बैठक विकास भवन देहरादून में आयोजित की गई। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल ने कहा कि गंगा उत्सव नदियों का त्योहार है। जिसका उद्देश्य नदियों के संरक्षण, संवर्धन और जल संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने कहा कि गंगा सिर्फ नदी मात्र ही नहीं हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। इस बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार की ओर से पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत वर्ष 2008 में भारत सरकार द्वारा गंगाजी को राष्ट्रीय नदी घोषित किया गया था। जिसके उपलक्ष्य में एनएमसीजी (नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा) जल शक्ति मंत्रालय द्वारा वर्ष 2017 से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय नदी दिवस के मनाया जाता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›