Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का कहर : भूस्खलन से यात्री वाहन दबा, दो की मौत, तीन गंभीर

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड हाईवे पर मुनकटिया में भूस्खलन के चलते बड़ा हादसा हो गया। सोनप्रयाग से गौरीकुंड जा रहा एक यात्री वाहन अचानक पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आ गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 11 यात्री सवार थे, सभी उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र के सियालब गांव निवासी हैं। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय रीता पत्नी उदय सिंह और 50 वर्षीय चंद्र सिंह के रूप में हुई है। घायलों में नवीन सिंह रावत (35), ममता (29) और प्रतिभा (25) शामिल हैं। नवीन और ममता की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत सोनप्रयाग अस्पताल ले जाया गया। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। हाईवे पर जगह-जगह मलबा आने से आवाजाही बेहद खतरनाक हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें और भूस्खलन जोन में सतर्कता बरतें।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी यात्रा मार्गों की संवेदनशीलता को उजागर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में भारी वाहनों और यात्रियों को जोखिम उठाने से बचना चाहिए। प्रशासन की ओर से लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Select Language

Advertisement