Report by : CWN Desk
Published at :
बिजली के मीटर रीडिंग में ऐसे गड़बड़ी कर लगा रहे थे चूना, खुलासे से हड़कंप मचा

देहरादून। मीटर की रीडिंग में गड़बड़ी करके ऊर्जा निगम को लाखों का चूना लगाने की मीटर रीडर की कारस्तानियों से ऊर्जा निगम में हड़कंप मचा हुआ है। निगम के अधिकारियों की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उनमें मीटर रीडर ने न सिर्फ उपभोक्ताओं से मिलकर रीडिंग कम करने का खेल किया, बल्कि यह धांधली नहीं खुल सके, इसके लिए मीटरों को ही जला दिया।
मीटर रीडिंग में गड़बड़ी व उनको जलाकर रीडिंग नष्ट करने का यह सनसनीखेज मामला विकासनगर के बरोटीवाला क्षेत्र में सामने आया है। मामला उजागर तब हुआ, जब बरोटीवाला क्षेत्र से मीटर में इलेक्ट्रिक शार्ट हो जाने की लगातार आ रही शिकायतों पर निगम के अधिकारियों को कुछ अटपटा लगा।
एक के बाद एक करके 40 मीटर जलकर खराब होने की शिकायतें आने के बाद विकासनगर के सहायक अभियंता अरशद अली टीम के साथ बरोटीवाला क्षेत्र पहुंचे। जहां उन्होंने जलकर नष्ट हुए मीटरों की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उनके सामने जो तथ्य आए, वह चौंकाने वाले थे। सभी मीटरों को जानबूझकर नष्ट किया गया प्रतीत हो रहा था। गहनता से जांच करने पर पता चला कि मीटर रीडिंग का काम देखने वाली निजी कंपनी के मीटर रीडर ने उपभोक्ताओं से सांठ-गांठ करके इस पूरी धांधली को अंजाम दिया। मीटर रीडर रीडिंग लेने के दौरान कम रीडिंग लिखता, जिससे बिजली का कम बिल आता।
उन्होंने बताया कि धांधली पकड़े जाने के डर से वह कुछ महीने बाद मीटर के तारों में गड़बड़ी करके उसे जलाकर नष्ट कर देता था।
एसडीओ ने बताया मीटर जलने की घटनाओं को कब से अंजाम दिया जा रहा था, इस संंबंध में जांच की जा रही है। इसके अलावा संबंधित मीटर रीडर को तत्काल हटाने के लिए निजी कंपनी को पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले में उच्चाधिकारियों से बात करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›