Report by : Paras Bisht
Published at :
ढिकाला जोन में झाड़ियां काट रहे श्रमिक को बाघ में मार डाला

वनकर्मियों के दस राउंड हवाई फायरिंग करने के बाद बाघ मृतक को छोड़ कर भागा
रामनगर। कॉर्बेट के ढिकाला जोन में गुरुवार को बाघ ने झाड़ियां काट रहे एक श्रमिक को मार डाला। वनकर्मियों के दस राउंड हवाई फायरिंग करने के बाद बाघ मृतक को छोड़ कर भागा। घटना के करीब एक घंटे बाद शव को बरामद किया जा सका।
नेपाल मूल के श्रमिक भी ढिकाला में काम करते हैं। रेंजर राजेंद्र चकरायत ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे 58 वर्षीय राम बहादुर पुत्र खड़क बहादुर के साथ 10 अन्य श्रमिक झाड़ियां काटने का काम कर रहे थे। इसी बीच बाघ ने राम बहादुर पर पीछे से हमला कर दिया। बाघ श्रमिक को जबड़ों में दबाकर काफी दूर ले गया। साथी कर्मचारियों ने दस राउंड हवाई फायरिंग की। तब जाकर बाघ राम बहादुर को छोड़कर भागा। तब तक बाघ मृतक के पैर और पिछला हिस्सा खा चुका था। शव के सिर व गर्दन पर बाघ के पंजे के गहरे निशान पाए गए।
श्रमिक के शव को रामनगर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। नेपाल के लोगों से उसके परिजनों की जानकारी पता की जा रही है। रेंजर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का पता लगते ही शव उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा। रेंजर ने बताया कि राम बहादुर 35 सालों से ढिकाला में दैनिक श्रमिक पद पर कार्यरत थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›