Report by : CWN Desk
Published at :
रिकार्डो पॉविल की शतकीय पारी से इंडिया कैपिटल्स ने सदर्न सुपर स्टार्स को सात विकेट से हराया

देहरादून में लीजेंड्स क्रिकेट लीग: वेस्टइंडीज के क्रिस गेल आज मचाएंगे धमाल
देहरादून। देहरादून में लीजेंड्स क्रिकेट लीग के दूसरे मुकाबले में रिकार्डो पॉविल की शतकीय पारी से इंडिया कैपिटल्स ने सदर्न सुपर स्टार्स को सात विकेट से हराया। पॉविल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
देहरादून के रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को दूसरा मैच इंडिया कैपिटल्स और सदर्न सुपर स्टार्स के बीच खेला गया। इंडिया कैपिटल्स के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण लिया। सदर्न सुपर स्टार्सके सलामी बल्लेबाज दिलशान और उपुल थरंगा बल्लेबाजी करने मैदान में उतरे। 3.5 ओवर में पहला विकेट 24 रन पर गिरा। इसुरु की गेंद पर दिलशान चार रन के व्यक्तिगत स्कोर पर थेरॉन को कैच थमा बैठे।
इसके बाद श्रीवत्स गोस्वामी और उपुल थरंगा ने साझेदारी बनाने की कोशिश की, लेकिन 5.2 ओवर में 19 रन बनाकर थरंगा भी थेरॉन की गेंद पर तांबे को कैच देकर पवेलियन लौट गए। थरंगा ने 24 रन बनाए। श्रीवत्स और कप्तान रॉस टेलर पारी को बढ़ाने का प्रयास किया। 9.5 ओवर में श्रीवत्स भी 24 रन के निजी स्कोर पर अपन्ना की गेंद पर कैच आउट हो गए। कप्तान रॉस टेलर 24 और राजेष विश्नोई आठ रन बनाए। पवन नेगी ने 12 और विपुल शर्मा ने नाबाद चार रन के योगदान से सदर्न सुपर स्टार्स ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 164 रन का लक्ष्य दिया। इंडिया कैपिटल्स के लिए एश्ले नर्स, रस्टी थेरॉन ने दो-दो, इसरु उदान और केपी अपन्ना ने एक-एक विकेट चटकाया।
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया कैपिटल्स की शुरुआत ठीक नहीं रही। कप्तान गौतम गंभीर 21 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर लकमल की गेंद पर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद पॉविल और कर्क एडवर्ड्स के बीच शानदार साझेदारी हुई। आखिर में कर्क के बेहतरीन 45 रनों की बदौलत दिल्ली ने 20 गेंद पहले लक्ष्य हासिल किया।
रविवार को अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात जायंट्स और अर्बन राइजर हैदराबाद का मैच खेला जाएगा, जो दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। इस मैच में मुख्य आकर्षण होंगे वेस्टइंडीज के पूर्व धुआंधार बल्लेबाज क्रिस गेल। दर्शकों को उम्मीद है कि रविवार को देहरादून में क्रिस गेल धमाल मचाएंगे। इस मैच में क्रिस गेल के अलावा पार्थिव पटेल, सुरेश रैना, मार्टिन गप्टिल, ड्वेन स्मिथ, चमारा कापूगेदरा भी मैदान में उतरेंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›