Connect with us

देहरादून

देहरादून में अंतरराष्ट्रीय कोबरा गैंग का पर्दाफाश, 2 सूडानी नागरिक सहित 3 गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय कोबरा गैंग के बड़े रैकेट को ध्वस्त किया। राजपुर पुलिस ने 2 सूडानी नागरिकों और एक टैक्सी चालक को लाखों की कोकीन के साथ दबोचा।

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजपुर थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ‘कोबरा गैंग’ से जुड़े दो सूडानी नागरिकों सहित तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में हाई-क्वालिटी कोकीन (Cocaine) बरामद की है। इस बड़ी कामयाबी से दून पुलिस ने शहर की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क को करारा झटका दिया है।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को राजपुर क्षेत्र की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन सप्लाई होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सूझबूझ से अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर तीनों तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस ने पहली कार्रवाई जोहड़ी रोड पर पुरानी मजार के पास की, जहां स्कूटर सवार दो विदेशी नागरिकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 9.15 ग्राम कोकीन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान माइकल इक्का मेकसन और लेविकिरी वानिकी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सूडान के निवासी हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने ओल्ड मसूरी रोड से देवबंद निवासी टैक्सी चालक जावेद आलम को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे दिल्ली से ड्रग्स लाकर देहरादून के स्थानीय पैडलर्स को सप्लाई करते थे। एसएसपी डोबाल के मुताबिक, कोबरा गैंग के खिलाफ पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई है। पुलिस इस साल के शुरुआती पांच महीनों में ही 145 नशा तस्करों को जेल भेज चुकी है, जिनसे करीब तीन करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।

Select Language

Advertisement