देहरादून
डोईवाला में सनसनी: मियांवाला होम स्टे में महिला की हत्या, BSF जवान पर केस दर्ज
देहरादून के मियांवाला में एक होम स्टे के भीतर 40 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। बीएसएफ जवान प्रेमेंद्र नेगी पर हत्या का केस दर्ज।
देहरादून। डोईवाला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मियांवाला के एक होम स्टे में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 40 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने एक बीएसएफ (BSF) जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को महिला का शव होम स्टे के कमरे से बरामद हुआ था। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी जवान भी कमरे के भीतर बेसुध हालत में मिला, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के पति ने इस मामले में लिखित तहरीर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी पत्नी का प्रेम-प्रसंग मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन) निवासी प्रेमेंद्र नेगी के साथ चल रहा था। आरोपी प्रेमेंद्र भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ है। मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत 13 जुलाई को उसकी पत्नी को मियांवाला स्थित होम स्टे में बुलाया और वहां जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी।
इस जघन्य हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस अब वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों का सहारा ले रही है। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों के मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है और उनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली जा रही है। इसके साथ ही दोनों के सोशल मीडिया चैट की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि वारदात से ठीक पहले हुई बातचीत का सच सामने आ सके। पुलिस ने साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए घटना वाले कमरे को पूरी तरह सील कर दिया है।
डोईवाला कोतवाली प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि आरोपी प्रेमेंद्र वर्तमान में गुजरात के भुज में बीएसएफ में तैनात है। जहर के असर के कारण वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही पुलिस उससे कड़ी पूछताछ करेगी। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग में आपसी खींचतान और पारिवारिक तनाव से जुड़ा नजर आ रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
