देहरादून

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पहुंचे सीएम धामी; चारधाम यात्रियों को दिए ये खास निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रियों को रजिस्ट्रेशन के लिए न हो देरी। पूरी खबर पढ़ें।

ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा एवं रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से संबंधित तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कैंप में देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा का फीडबैक भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य जांच केंद्रों का निरीक्षण करते हुए सीएम धामी ने डॉक्टरों को यात्रियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुगमता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार से आए श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उत्तर प्रदेश से आईं तीर्थयात्री कामिनी ने बताया कि कैंप में कूलर, पानी और ठहरने के अच्छे इंतजाम हैं। वहीं आजमगढ़ के शुभम ने यात्रा से लौटने के बाद भी सुविधाएं अच्छी होने के कारण दोबारा इसी कैंप में रुकने की बात कही। बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री को सुगम यात्रा प्रबंधन के लिए आशीर्वाद और धन्यवाद दिया।
ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामायण और महाभारत का प्रसारण किया जा रहा है, जिसकी यात्रियों ने काफी सराहना की। इसके अलावा परिसर में निरंतर लंगर सेवा के साथ-साथ महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की बिक्री भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यरत कर्मचारियों से “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी