Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
जागेश्वर शौकियाथल में दिखा बाघ, दहशत में ग्रामीण

इतनी ऊंचाई वाले इलाके में पहली बार बाघ दिखने से वन विभाग भी हैरान
अल्मोड़ा। जिले के जागेश्वर धाम के पास स्थित शौकियाथल के जंगल में पहली बार टाइगर यानी बाघ की मूवमेंट कैमरे में कैद होने से हड़कंप मचा हुआ है। इतनी ऊंचाई पर बाघ दिखने से वन्यजीव विशेषज्ञ भी हैरत में पड़े हुए हैं।
अमूमन बाघ (tiger) मैदानी क्षेत्र के जंगलों में ही पाए जाते हैं। पहाड़ के जंगलों में तेंदुए पाए जाते हैं। लेकिन रविवार शाम अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर धाम के निकट शौकियाथल के पीछे निर्माणाधीन सड़क किनारे विशालकाय टाइगर देख लोगों के होश फाख्ता हो गए थे। कार सवार गौरव आदि युवकों ने सड़क किनारे विचरण करते टाइगर का अपने मोबाइल से वीडियो भी शूट किया।
क्लाइमेट चेंज भी हो सकती है वजह
कार्बेट पार्क के निदेशक डॉ. धीरज पांडे के मुताबिक पिछले कुछ समय से बाघों की पहाड़ में उपस्थिति के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने इसके लिए जलवायु परिवर्तन, आसान भोजन और तराई के जंगलों में बाघों की बढ़ती तादात को वजह बताया है।
पूरे इलाके में दहशत
शौकियाथल के पास टाइगर की मूवमेंट दिखने से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों के मुताबिक इन जंगलों में इससे पूर्व केवल तेंदुए ही दिखाई देते थे। मैदानी क्षेत्रों के जंगलों में पाए जाने वाला टाइगर भी यहां पहली मर्तबा देखा गया है।
कार्बेट पार्क से पहुंचने की संभावना
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ये टाइगर कार्बेट पार्क होते हुए बिनसर अभ्यारण्य तक पहुंचा होगा। उसके बाद बिनसर होते हुए ये बाघ शौकियाथल पहुंचा होगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›