Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
बजेला के चनकीला तोक में गुलदार ने तीन बकरियों को बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत
बजेला के चनकीला तोक में गुलदार ने तीन बकरियों को बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत

धौलादेवी (अल्मोड़ा)। विकासखंड के कई गांवों में गुलदार ने दहशत मचा रखी है। बता दें कि एक पशुपालक की आज रविवार दोपहर, तीन बकरियों को गुलदार ने अपना ग्रास बना लिया। सामाजिक कार्यकर्ता किशन खनी और बसंत खनी के अनुसार विकासखंड धौलादेवी के अंतर्गत बजेला ग्राम पंचायत के चनकीला तोक” में, गत रविवार को रूप सिंह अपनी गाय तथा बकरियों को घर के समीप जंगल से चराकर, घर ला रहा था। लेकिन रास्ते में घात लगाकर बैठे गुलदार ने एक-एक कर उसकी तीन बकरियों को मार डाला। जिसके बाद रूप सिंह और ग्रामीणों ने शोर मचाया, तब जाकर गुलदार जंगल की ओर भागा । ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे जंगल के रास्ते से विद्यालय जाते हैं और आए दिन गुलदार के आतंक का उन्हें सामना करना पड़ता है। लोगों ने वन विभाग को ज्ञापन प्रेषित करते हुए गुलदार को पकड़ने की मांग की है। बता दें कि क्षेत्र में गुलदार दो दर्जन से अधिक पशुओं को अपना निवाला बना चुका है। उसने दो माह में दो दर्जन से अधिक मवेशियों को अपना ग्रास बना लिया है। बीते वर्ष क्वेराली तोक में रमेश के नौ वर्षीय पुत्र आरव को भी गुलदार ने मार दिया था। गुलदार खेतों में काम करने गई महिलाओं पर भी कई बार झपट चुका है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश राम ने वन विभाग से शीघ्र मुवावजा देने की मांग की है। शीघ्र मुआवजा न मिलने पर उन्होंने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। विगत माह कैलाश राम की चार बकरियों को भी गुलदार अपना निवाला बना चुका है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›