Connect with us

उत्तराखण्ड

जसपुर का अमन आलम फर्जीवाड़े से बन गया एमबीबीएस डॉक्टर, मुकदमा दर्ज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

आरोपी डॉक्टर वर्तमान में पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में ईएमओ के पद पर कार्यरत
श्रीनगर। वीर चंद्रसिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर में फर्जी तरीके से एमबीबीएस में प्रवेश लेकर पढ़ाई करने के आरोप में सरकारी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वर्ष 2014-2015 में पासआउट यह आरोपी डॉक्टर वर्तमान में पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में ईएमओ के पद पर कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार, ऊधमसिंहनगर के नत्था सिंह वार्ड-दो, जसपुर निवासी मोहम्मद नसीम ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को पत्र भेजकर शिकायत की थी। आरोप है कि डॉ. अमन आलम पुत्र जाहिद आलम निवासी जसपुर ने वर्ष 2010 में फर्जी तरीके से एमबीबीएस में प्रवेश लिया था। प्रवेश पाने के लिए अपने स्थान पर किसी अन्य को बैठाकर उत्तराखंड प्री-मेडिकल टेस्ट (यूपीएमटी) उत्तीर्ण की। इस मामले में गत अगस्त माह में मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से शिकायती पत्र, कोतवाली श्रीनगर को भेजकर जांच का अनुरोध किया गया।
कोतवाली निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले की जांच चौकी प्रभारी श्रीकोट एसआई लक्ष्मण सिंह कुंवर ने की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। पढ़ाई के बाद वर्ष 2015 से आरोपी अमन बतौर सरकारी डॉक्टर पिथौरागढ़ जिले में सेवा देने लगा। जांच अधिकारी ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी व छल का मुकदमा दर्ज कराया है। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ.जेएस नबियाल के अनुसार डॉ. अमन जिला अस्पताल में ईएमओ के रूप में तैनात हैं उन पर उच्च स्तर से जांच चल रही है। आगे जो भी फैसला आएगा, उसके अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

Select Language

Advertisement