Report by : CWN Desk
Published at :
कार से बाहर बिना देखे थूकने पर ऋषिकेश में चार युवकों ने फायरिंग कर फैलाई थी दहशत

चारों आरोपी एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि श्रीनगर के छात्र, गिरफ्तार
देहरादून। ऋषिकेश में बीते रोज मामूली विवाद में फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी यूपी और राजस्थान के रहने वाले हैं और एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि श्रीनगर में पढ़ाई करते हैं। इन आरोपियों से देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और हॉकी भी मिली।
एसएसपी अजय सिंह ने शनिवार को प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार को दीपक जायसवाल निवासी चंद्रेश्वरनगर ने ऋषिकेश कोतवाली में केस दर्ज कराया। वो मंडी से सब्जी लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान चंद्रभागा पुल के पास खड़ी एक कार की पिछली सीट पर बैठे युवक ने शीशा खोलकर बाहर की ओर बिना देखे थूक दिया, जो उनके ऊपर गिर गया। व्यस्त चौराहे पर टोकने पर कार सवार युवक ने गाली-गलौच की। आरोप है कि इस कार में बैठे चारों युवकों ने दीपक पर हॉकी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। साथ ही, जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर झोंक दिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान समरजीत तेवतिया और हिमांशु निवासी हापुड़ यूपी, दिलीप भूरान, रियांश ढाका निवासी बीकानेर राजस्थान के रूप में हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी समरजीत तेवतिया ने बताया कि उसके पास देसी पिस्टल और कारतूस थे। जब विवाद हुआ था, तो उसने ही फायरिंग की थी। इस वारदात के बाद उसने पिस्टल और कारतूस चंद्रभागा पुल से करीब 200 मीटर आगे एक कूड़ेदान के पास फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›