हल्द्वानी
कालाढूंगी सड़क हादसा: बस को ओवरटेक करते समय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर कमोला के पास भीषण सड़क हादसा। बस को ओवरटेक करने के चक्कर में लालकुआं निवासी पुष्कर सिंह की मौत। परिवार का इकलौता वारिस था मृतक।
हल्द्वानी/कालाढूंगी: नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कमोला स्थित गुरुणी नाले के पास एक बाइक सवार युवक की बस की चपेट में आने से जान चली गई। मृतक की पहचान लालकुआं के रावत नगर निवासी 35 वर्षीय पुष्कर सिंह कार्की के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुष्कर सिंह रामनगर की ओर से अपनी बाइक पर सवार होकर हल्द्वानी की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कमोला के पास उन्होंने आगे चल रही एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बस के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे पुष्कर को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही राहगीरों ने 108 एंबुलेंस और कालाढूंगी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अस्पताल पहुंचाया। एसआई तनवीर आलम ने बताया कि मृतक रामनगर के मार्चुला क्षेत्र में ट्रक चलाने का काम करता था और सुबह काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था।
पुष्कर सिंह कार्की अपने परिवार का इकलौता वारिस था और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रावत नगर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
