Connect with us

देहरादून

कारगिल विजय दिवस: सीएम धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ को दिखाई हरी झंडी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कारगिल विजय दिवस पर देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शौर्य स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाई।

देहरादून: कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल चीड़बाग में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। वर्ष 1999 में हमारे वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय दिया था। भारतीय सेना ने अपनी मातृभूमि की रक्षा करते हुए विश्व के सामने अद्भुत पराक्रम प्रस्तुत किया, जिसका देश सदैव ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरों की भूमि बताते हुए गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई सैनिकों ने कारगिल युद्ध समेत विभिन्न अभियानों में सर्वोच्च बलिदान दिया है। राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वर्तमान सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण व सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए और देश की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement