देहरादून
देहरादून में भीषण सड़क हादसा: गड्ढे से फिसली बाइक, 108 एंबुलेंस की देरी से महिला की मौत
देहरादून के शिमला बाइपास चौक पर सड़क के गड्ढे के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एंबुलेंस में देरी और ट्रक की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
देहरादून: राजधानी देहरादून के शिमला बाइपास चौक पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में 26 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ोवाला निवासी 26 वर्षीय दुर्गा अपने पति के साथ बाइक पर डोईवाला की ओर जा रही थीं। सुबह करीब 7:30 बजे शिमला बाइपास चौक के पास सड़क के गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन खोने के बाद दुर्गा सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन सेवा 108 को फोन किया गया था। आरोप है कि सूचना देने के दो घंटे बाद तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। समय पर चिकित्सीय सहायता न मिलने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पति तड़पता रहा।
एंबुलेंस की इस घोर लापरवाही से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा और नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
