Report by : CWN Desk
Published at :
अल्मोड़ा स्कूल में लेडी टीचर की गुंडागर्दी, 5 छात्रों के बाल काटे और ड्रेस फाड़ी

अल्मोड़ा के GIC बांगीधार में शिक्षिका ने 5 छात्रों के बाल काटे और ब्लेड से यूनिफॉर्म फाड़ी। घटना के बाद ग्रामीणों का हंगामा, SDM ने दिए जांच के आदेश।

अल्मोड़ा। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सल्ट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) बांगीधार में भूगोल की महिला प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर 12वीं कक्षा के 5 छात्रों के साथ बेहद शर्मनाक व्यवहार किया। शिक्षिका ने न केवल कैंची से छात्रों के बाल काट दिए, बल्कि ब्लेड से उनकी स्कूल यूनिफॉर्म भी फाड़ दी।
जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी लेडी लेक्चरर ने सौरभ, अनुज नेगी, सूरज बिष्ट, योगेश शर्मा और योगेश जोशी नाम के पांचों छात्रों की कॉपियां भी फाड़ दीं। इतना ही नहीं, दो अन्य छात्राओं की नोटबुक के पन्ने फाड़कर पूरी क्लास के सामने सभी बच्चों को बुरी तरह अपमानित किया गया। सहमे हुए बच्चे जब अपने घर पहुंचे और परिजनों को आपबीती सुनाई, तो इलाके में आक्रोश फैल गया।
गुरुवार सुबह पीड़ित छात्रों के परिजन, ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल परिसर में एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे तक उग्र प्रदर्शन करते हुए आरोपी शिक्षिका को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। मामला तूल पकड़ता देख शिक्षिका ने प्रधानाचार्य राजेंद्र बगोरिया को लिखित माफीनामा सौंपा और तुरंत छुट्टी लेकर स्कूल से चली गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम (SDM) रिंकू बिष्ट ने तत्काल संज्ञान लिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए 3 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। जांच टीम को सभी पहलुओं की पड़ताल कर 26 जुलाई तक अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उधर सल्ट थानाध्यक्ष का कहना है कि स्कूल स्तर की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अनुशासन के नाम पर बच्चों को इस तरह मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना कतई स्वीकार्य नहीं है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई अन्य शिक्षक ऐसी गलती दोहराने की हिम्मत न करे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›