नैनीताल
नैनीताल में सनसनी: कलेक्ट्रेट पार्किंग में वकील ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट बरामद
नैनीताल कलेक्ट्रेट पार्किंग में वकील पूरन सिंह भाकुनी ने कार के अंदर खुदकुशी की। सुसाइड नोट में बीमारी का जिक्र। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी।
नैनीताल। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सोमवार को जिला न्यायालय परिसर की पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर वकील पूरन सिंह भाकुनी का शव मिला। जानकारी के अनुसार, वकील ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना के वक्त परिसर में वकीलों और वादकारियों की भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब सुबह 11:30 बजे पार्किंग क्षेत्र से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब लोग कार के पास पहुंचे, तो वकील लहूलुहान अवस्था में अंदर पड़े हुए थे। तत्काल इसकी सूचना पुलिस और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर जांच की, जहां वकील के हाथ में पिस्टल और पास ही एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।
सुसाइड नोट में वकील ने अपनी गंभीर बीमारी का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि वे अपनी बीमारी से बेहद परेशान हैं और अब ‘जिंदगी की गाड़ी’ नहीं खींच पा रहे हैं। नोट में उन्होंने कुमाऊं आयुक्त, डीएम और एसएसपी से अपनी पत्नी का ख्याल रखने की भावुक अपील भी की है। पुलिस ने फिलहाल सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है।
सूत्रों के अनुसार, पूरन सिंह भाकुनी की शादी एक साल पहले ही हुई थी। हाल ही में उन्होंने अपना एक कीमती मकान कम दाम में बेचा था, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में थे। वर्तमान में वे किराए के मकान में रह रहे थे। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर साक्ष्य जुटा रही है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
