नैनीताल
नैनीताल में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी पर्यटकों की बोलेरो, 4 की मौत
नैनीताल के धारी ब्लॉक में पर्यटकों की बोलेरो खाई में गिरने से 4 की मौत और कई घायल। पौड़ी में भी बड़ा हादसा। पढ़ें उत्तराखंड सड़क दुर्घटना की पूरी जानकारी।
नैनीताल। उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक में पर्यटकों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं चार से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम नवाजिश खलीक और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि घायलों को तत्काल नजदीकी पदमपुरी अस्पताल ले जाया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भीमताल रेफर किया जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय लोग मिलकर खाई में गिरे अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
वहीं, दूसरी ओर पौड़ी गढ़वाल से भी एक डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक बाइक और बोलेरो की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहन बेकाबू होकर 500 फीट गहरी खाई में गिर गए। बोलेरो में सात से अधिक लोग सवार थे, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से मोर्चा संभाला। सभी घायलों को काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई यात्रियों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। प्रशासन इन हादसों के कारणों की जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
