हल्द्वानी
हल्द्वानी: पैमाइश के मामलों में ढिलाई पर बड़ी कार्रवाई, पटवारी निलंबित
हल्द्वानी तहसील में औचक निरीक्षण के दौरान धारा-41 की फाइलें अटकाने पर डीएम ललित मोहन रयाल ने काठगोदाम पटवारी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
हल्द्वानी। तहसील में भू-राजस्व अधिनियम की धारा-41 के तहत भूमि सीमांकन और पैमाइश के मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर बड़ी गाज गिरी है। गुरुवार को औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पत्रावलियों के लंबे समय से अटके होने पर सख्त रुख अपनाया। डीएम के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर काठगोदाम के प्रभारी राजस्व निरीक्षक (पटवारी) संजय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा लंबे समय से पैमाइश के आवेदन पेंडिंग रखने के मामले में तत्कालीन राजस्व निरीक्षक ब्रजेश कुमार के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं।
नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि पटवारी संजय प्रसाद के पास दिसंबर 2025 से पूर्व के 16 से अधिक मामले पेंडिंग पड़े थे। इनमें ग्राम किशनपुर रैकवाल, बमौरी तल्ली और प्रतापगढ़ी मल्ली के ग्रामीणों के प्रकरण शामिल हैं। तहसीलदार के स्पष्ट आदेशों के बावजूद इन मामलों में महीनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।
शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने के आरोप में पटवारी को निलंबित कर भीमताल तहसील से संबद्ध कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पैमाइश और सीमांकन में अनावश्यक देरी से आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एडीएम को सभी लंबित प्रकरणों की त्वरित जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
