Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तरकाशी: धराली गांव में बादल फटने से तबाही, कई लापता, हेल्प नंबर जारी

उत्तरकाशी। जनपद के धराली गांव में मंगलवार दोपहर बादल फटने के बाद खीरगंगा में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। बाढ़ से निचले इलाके जलमग्न हो गए, जहां कई होटल और घर मलबे में दब गए। प्रशासन ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ का सैलाब गांव की ओर बढ़ते ही अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई की ओर भागना शुरू किया। धराली बाजार पूरी तरह से नष्ट हो गया है और कई होटलों में मलबा और पानी भर गया है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। डीएम प्रशांत आर्य ने हालात की जानकारी देते हुए बताया कि मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ताकि प्रभावित लोग और उनके परिजन संपर्क कर सकें। राज्य के प्रमुख सचिव, सचिव, डीजीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन लगातार घटनास्थल की निगरानी कर रहा है।

उत्तरकाशी: धराली गांव में बादल फटने से तबाही, कई लापता, हेल्प नंबर जारी
Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›