Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तरकाशी में बादल फटने से मची तबाही, चार की मौत, कई लापता – धराली गांव में भारी नुकसान, बाजार-होटल तबाह

उत्तरकाशी। जिले के धराली गांव में सोमवार रात बादल फटने से खीरगंगा में अचानक भयंकर बाढ़ आ गई, जिससे पूरे इलाके में तबाही मच गई। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। पानी और मलबे का तेज बहाव गांव की ओर आया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते-चिल्लाते घरों और दुकानों से बाहर भागे।

बाढ़ का पानी कई होटलों और दुकानों में घुस गया है। धराली बाजार पूरी तरह बर्बाद हो गया है और कई होटल और दुकानें ध्वस्त हो चुकी हैं। राहत और बचाव के लिए आर्मी, हर्षिल से पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भटवाड़ी रवाना कर दी गई हैं।

उधर, बड़कोट तहसील क्षेत्र के बनाल पट्टी में भारी अतिवृष्टि से कुड गदेरे में डेढ़ दर्जन बकरियों के बहने की खबर है। गदेरा उफान पर आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक रोहित थपलियाल ने जानकारी दी है कि प्रदेश भर में 10 अगस्त तक भारी बारिश के आसार हैं। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार जिलों में मंगलवार को भी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। राज्यभर में मानसून की तबाही से हालात चिंताजनक बने हुए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›