Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: कोचिंग सेंटरों के लिए सख्त नियम बनाने की मांग, PM मोदी को भेजा ज्ञापन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी में एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से पीएम मोदी को ज्ञापन भेजकर बेसमेंट और दो मंजिल से ऊपर कोचिंग चलाने पर रोक लगाने की मांग की।

हल्द्वानी। सामाजिक संगठन ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था’ ने देश भर में संचालित कोचिंग सेंटरों के लिए कड़े नियम बनाने की मांग उठाई है। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भेजा। इस ज्ञापन में भारत सरकार से कोचिंग सेंटरों के प्रबंधन को लेकर देशव्यापी नीति बनाने का आग्रह किया गया है।
संस्था ने मांग की है कि देश में दूसरी मंजिल से अधिक ऊंचाई और बेसमेंट में चल रहे सभी कोचिंग सेंटरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। केवल पहली या दूसरी मंजिल तक ही कोचिंग सेंटर खोलने की अनुमति मिलनी चाहिए। पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में कोचिंग सेंटरों द्वारा नियमों की अनदेखी के कारण कई बड़े हादसे हुए हैं, जिनमें कई होनहार छात्रों को असमय अपनी जान गंवानी पड़ी है।

यह भी पढ़ें 👉  कोर्ट के आदेश पर 20 शिक्षकों का बड़ा तबादला, तुरंत तैनाती का निर्देश


अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और पूर्णिमा रजवार ने संयुक्त रूप से कहा कि ऊंचाई कम होने से किसी भी आपातकालीन स्थिति या अनहोनी के वक्त छात्रों को सुरक्षित बाहर निकलने में आसानी होगी। इसके साथ ही, बेसमेंट में कोचिंग न चलने से जलभराव या शॉर्ट सर्किट जैसी खतरनाक घटनाओं से बच्चों को बचाया जा सकेगा। संस्था ने एक हॉल में छात्रों की संख्या भी निर्धारित नियमों के तहत ही तय करने की वकालत की है।
पदाधिकारियों ने दर्द व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए जीवनभर की जमा-पूंजी लगा देते हैं। लेकिन कुछ कोचिंग संस्थान अपने निजी स्वार्थ और मुनाफे के चक्कर में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी करते हैं। ऐसे हादसों से न सिर्फ देश का भविष्य खत्म होता है, बल्कि पीड़ित परिवारों का जीवन भी हमेशा के लिए अंधकारमय हो जाता है।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में संस्था के सचिव नन्दकिशोर आर्या, कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, मनीषा आर्या, कल्पना भंडारी, अलका टंडन, सुनीता तिवारी, रोहतास प्रजापति और योगेश कश्यप शामिल रहे। इसके साथ ही मोनिका आर्या, खुशी नागर, जानकी कश्यप, सूरज मिस्त्री, नमन तिवारी, दीपक कुमार, सुशील राय और मुकेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Select Language

Advertisement