Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल: 14 साल की नाबालिग ने दिया बच्ची को जन्म, आरोपी ने बांटी मिठाई

नैनीताल। एक सनसनीखेज दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहाँ मात्र 14 साल 10 महीने की नाबालिग किशोरी ने शुक्रवार सुबह बीडी पांडे जिला अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। यह घटना सामने आते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। पीड़िता एक स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा है।
शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे किशोरी को उसकी माँ अस्पताल लेकर पहुँची, जहाँ जाँच में उसके गर्भवती होने का पता चला। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसी बीच, किशोरी ने सामान्य प्रसव से बच्ची को जन्म दिया।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी युवक का नाम सूरज है, जो अल्मोड़ा जिले के शीतलाखेत का रहने वाला है और नैनीताल में एक रेस्टोरेंट में काम करता है। करीब दो साल पहले उसकी पहचान फेसबुक के जरिए किशोरी से हुई थी। धीरे-धीरे संपर्क बढ़ा और आरोपी ने उसका यौन शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि किशोरी के बच्ची को जन्म देने की सूचना मिलते ही आरोपी सूरज भी अस्पताल पहुँच गया और वहाँ मौजूद लोगों को मिठाई बाँटने लगा। अस्पताल की सूचना पर कोतवाल हेम पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) ऐक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›