Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल अपहरण कांड व बेतालघाट फायरिंग पर पुलिस पर गिरी गाज, कई पर हुई कार्रवाई

नैनीताल। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद नैनीताल अपहरण कांड और बेतालघाट फायरिंग मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है। पांच जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण मामले में तल्लीताल थाने के एसओ समेत पांच पुलिसकर्मी जिम्मेदार पाए गए।

एसएसपी प्रह्लाद सिंह मीणा ने गुरुवार को बताया कि तल्लीताल एसओ रमेश सिंह का तबादला अल्मोड़ा कर दिया गया है, जबकि कांस्टेबल अमित चौहान को निलंबित किया गया है। इसके अलावा एक पुरुष कांस्टेबल, एक महिला कांस्टेबल और एक अग्निशमनकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं, मौके पर तैनात पीएसी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। इस मामले में 14 अगस्त की मतदान पूर्व रात्रि में लापरवाही बरतने पर एएसआई उदय सिंह राणा को पहले ही निलंबित किया जा चुका था।

इसी तरह, ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दिन नैनीताल जिले के बेतालघाट में हुई फायरिंग मामले में भवाली के सीओ प्रमोद साह पर भी कार्रवाई की गई है। निर्वाचन आयोग की संस्तुति पर उनका ट्रांसफर भवाली से आईआरबी दून कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›