नैनीताल
नैनीताल एसएसपी ने छोड़ी सरकारी गाड़ी, ईंधन बचाने के लिए मोटरसाइकिल से पहुंचे ऑफिस
नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ईंधन संरक्षण के लिए अनूठी मिसाल पेश की है। वह सरकारी वाहन छोड़ मोटरसाइकिल से कार्यालय पहुंचे और पैदल भ्रमण किया। जानें पूरी खबर।
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल से समाज के लिए एक बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायी खबर सामने आई है। वैश्विक स्तर पर गहराते ईंधन संकट को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं उदाहरण पेश करते हुए अपना आलीशान सरकारी वाहन त्याग दिया और मोटरसाइकिल से कार्यालय पहुंचे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की इस सादगी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का असर पूरे महकमे में देखने को मिला। जिले के कप्तान को मोटरसाइकिल और फील्ड में पैदल भ्रमण करते देख अन्य पुलिस अधिकारी भी प्रेरित हुए। उनके साथ कई अन्य अधिकारी भी अपने सरकारी वाहनों को खड़ा कर पैदल ही अपने गंतव्य और कार्यालयों तक पहुंचे, जिससे शहर में एक नया संदेश गया।
इस पहल के दौरान एसएसपी ने आम जनता से भी ईंधन बचाने की भावुक अपील की। उन्होंने लोगों को सुझाव दिया कि वे कम दूरी के लिए छोटे वाहनों का उपयोग करें या पैदल चलें। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन अपनाने और कार-पूलिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इन छोटी आदतों से ईंधन की बड़ी बचत संभव है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वर्तमान समय में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रहित में ईंधन की बचत करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल ईंधन बचाने की बात नहीं है, बल्कि इससे पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी। नैनीताल जैसे पर्यटन स्थल के लिए यह पहल और भी महत्वपूर्ण हो जाती है ताकि प्राकृतिक सौंदर्य सुरक्षित रहे।
नैनीताल पुलिस की इस मुहिम को स्थानीय निवासियों और पर्यटकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। आमतौर पर अधिकारियों के काफिले देखने वाली जनता के बीच जब जिले का सबसे बड़ा पुलिस अधिकारी बाइक पर निकला, तो लोगों ने इसे “लीडरशिप बाय एग्जांपल” करार दिया। पुलिस की यह कोशिश निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
