Report by : Paras Bisht
Published at : Updated at :
राज्यपाल गुरमीत सिंह पहुंचे नैनीताल, कुमाऊं के सभी जिलों का करेंगे दौरा

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) नैनीताल लोकभवन पहुंचे। कुमाऊं के 6 जिलों का दौरा कर वाइब्रेंट विलेज और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा।

नैनीताल। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को नैनीताल स्थित लोकभवन पहुंचे। राज्यपाल के लोकभवन पहुंचने पर कुमाऊं मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टी सी ने माननीय राज्यपाल को पुष्पगुच्छ और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस विशेष अवसर पर मीडिया से बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं मंडल के आगमन पर हमेशा एक अलग ही खुशी और सकारात्मक अनुभूति होती है। उन्होंने अपने इस प्रवास की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए बताया कि इस बार के नैनीताल लोकभवन प्रवास के दौरान वे कुमाऊं मंडल के सभी 6 जिलों का विस्तृत भ्रमण करेंगे। जिलों में विकास की जमीनी हकीकत जानने के लिए वे वहां रात्रि प्रवास भी करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
राज्यपाल ने सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि वे अपने इस दौरे में दूरस्थ सीमांत क्षेत्रों और केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाले ‘वाइब्रेंट विलेज’ (Vibrant Village) का भौतिक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे सीधे स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को जानेंगे। उन्होंने आगे बताया कि इस बार नैनीताल लोकभवन परिसर में ‘गवर्नर गोल्फ’ प्रतियोगिता का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। इस खेल आयोजन में स्थानीय बालक-बालिकाओं, विशेषकर क्षेत्र की बेटियों की बढ़ती भागीदारी की उन्होंने जमकर सराहना की।
अपने प्रवास की अन्य गतिविधियों की जानकारी देते हुए राज्यपाल ने बताया कि लोकभवन में ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें वीर सैनिकों के योगदान को नमन किया जाएगा। उन्होंने रेखांकित किया कि ‘मंदिर माला मिशन’ (मानसखंड मंदिर माला मिशन) के अंतर्गत कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों और पर्यटन स्थलों का तेजी से कायाकल्प हो रहा है, जिससे यहां आस्थावान पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अपने दौरे में वे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (SHG) से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›