Report by : Paras Bisht
Published at :
नैनीताल घूमने आए युवक से 500 के नकली नोट और दुबई के 200 दिरहम के 17 नोट मिले

नैनीताल। मुजफ्फरनगर से नैनीताल घूमने आए युवक को स्थानीय कारोबारियों ने नकली नोट के साथ दबोच लिया। पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपी के पास से पांच सौ के चार नकली नोट जबकि दुबई के 200 दिरहम के 17 संदिग्ध नोट बरामद हुए हैं। युवक के तीन साथी फरार हैं। पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उसके फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर से अकील बालियान अपने तीन दोस्तों के साथ यहां घूमने आया हुआ है। मंगलवार की पार्किंग में वाहन पार्क करने के बाद चारों मल्लीताल बाजार में घूमने लगे। बड़ा बाजार क्षेत्र में शुभांजलि कलेक्शन में युवक अंडर गारमेंट्स खरीदने पहुंचे। दुकान में दुकान स्वामी कन्हैया जायसवाल का बेटा बैठा हुआ था। युवकों ने अंडर गारमेंट्स खरीदने के बाद जेब से 500 की गड्डी निकालकर एक नोट बढ़ाया। सामान खरीदने के बाद युवक चले गए।
कन्हैया दुकान पर पहुंचे तो उनके बेटे ने नोट के नकली होने का अंदेशा जताया। नोट देखने पर कन्हैया जायसवाल को भी नोट नकली लगा। उन्होंने तत्काल अन्य व्यापारियों को सीसीटीवी फुटेज भेजकर संबंधित युवकों की तलाश करने को कहा। दोपहर में मॉलरोड क्षेत्र में व्यापारियों ने चार में से दो युवकों को गुजरते देखा। सूचना पर मल्लीताल क्षेत्र में कन्हैया जायसवाल और अन्य लोगों ने अकील को दबोच लिया और कोतवाली ले आए।
यहां पुलिस ने तलाशी ली तो युवक के पास से असली नोटों के साथ ही पांच सौ के चार नकली भी नोट बरामद हुए। इसके अलावा दुबई के 200 दिरहम के 17 संदिग्ध नोट भी मिले। पुलिस ने बैंक में नोटों की जांच कराई तो नोट नकली पाए गए। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके साथ आए तीन साथियों में से एक साथी दुबई में कार्य करता है। रास्ते में उसके दुबई वाले साथी ने उसको नकली नोट दिए।
इधर युवक के पकड़े जाने के बाद उसके तीनों साथी अपनी कार लेकर फरार हो गए। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि दुकान स्वामी कन्हैया जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने गांव बालियान नियर चांद मस्जिद मुजफ्फर नगर (यूपी) निवासी अकील बालियान (28) के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के अन्य तीन युवकों की तलाश की जा रही है। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›