Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी और भीमताल में मातम: दो मासूमों की दर्दनाक मौत से दहल उठा जिला

हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में लापरवाही का बड़ा मामला। आंख के ऑपरेशन के दौरान मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने कोतवाली घेरी। जानिए मुआवजे की मांग और पूरी खबर।

हल्द्वानी। एक निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। रामनगर निवासी एक मजदूर की आंख के ऑपरेशन के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को हल्द्वानी कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की घोर लापरवाही के कारण उनके परिवार का कमाऊ सदस्य हमेशा के लिए चला गया।
मृतक राजपाल (38 वर्ष) रामनगर के ग्राम जस्सा गाजा का निवासी था। 28 मार्च को पत्थर तोड़ते समय उसकी आंख में कंक्रीट लग गया था, जिसके उपचार के लिए उसे हल्द्वानी लाया गया था। डॉक्टरों की सलाह पर बुधवार शाम उसे ऑपरेशन थिएटर (OT) ले जाया गया। परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान अचानक उसकी हालत खराब हो गई और अस्पताल प्रशासन ने उसे आनन-फानन में दूसरे अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
गुरुवार सुबह से ही कोतवाली में तनाव का माहौल बना रहा। परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही नहीं होती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। पूर्व दर्जाधारी हरीश पनेरू ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार का समर्थन किया और 40 लाख रुपये मुआवजे की मांग उठाई। देर शाम पुलिस प्रशासन और परिजनों के बीच हुई लंबी वार्ता के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
सीओ अमित सैनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पुलिस अब अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोग निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी इस मामले में अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›