चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों का हंगामा, छत से किया पथराव, एक गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में तीसरे दिन भी निहंगों ने जमकर बवाल काटा और पथराव किया। पुलिस ने एक निहंग को दबोचा, सीएम धामी ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश।
रुद्रप्रयाग। जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नगरासू स्थित गुरुद्वारे में तीसरे दिन भी निहंगों ने जमकर बवाल काटा और पुलिस पर पथराव किया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर गुरुद्वारा परिसर में भारी संख्या में पुलिस और आईटीबीपी (ITBP) के जवानों को तैनात कर दिया गया है।
यह पूरा घटनाक्रम सोमवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे का है। गुरुद्वारे की छत पर जमे दो निहंग अपने हथियारों के साथ खाना लेने नीचे परिसर में आए थे। इस दौरान एक निहंग सुरक्षा के लिए हवा में तलवार लहराने लगा। मौके पर मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए खाना ले जा रहे एक निहंग को तुरंत दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।
इस कार्रवाई से नाराज छत पर खड़े अन्य निहंगों ने पुलिस पर ईंट और पत्थरों की बरसात शुरू कर दी। हालांकि, इस अचानक हुए पथराव में किसी भी पुलिसकर्मी या नागरिक को चोट नहीं आई है। फिलहाल चार निहंग अभी भी गुरुद्वारे की छत पर हथियारों के साथ जमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि कोई ऊपर आया तो परिणाम गंभीर होंगे।
इस हिंसक घटनाक्रम का सीधा असर अब स्थानीय व्यापार और यात्रा पर भी दिखने लगा है। पिछले तीन दिनों से जारी तनाव के कारण नगरासू बाजार में सिख श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी कम हो गई है। आम दिनों में इस गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में लोग लंगर छकने पहुंचते थे, लेकिन सोमवार को यहाँ सन्नाटा पसरा रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि नगरासू गुरुद्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि देवभूमि में बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उधर, कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए झगड़े में भी क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच को हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया है।
