Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में आईडीपीएल की जमीन पर बसे 1800 परिवारों को वन विभाग का नोटिस

30 सितंबर तक नोटिस का जवाब नहीं देने वालों पर वन विभाग करेगा भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई

देहरादून। वन विभाग ने ऋषिकेश के वीरभद्र में आईडीपीएल की जमीन पर बसे 1800 परिवारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 30 सितंबर तक नोटिस का जवाब नहीं देने वालों पर वन विभाग, भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करेगा।
वीरभद्र के रिजर्व फॉरेस्ट में पूर्व में आईडीपीएल स्थापित की गई थी। बाद में वहां से आईडीपीएल को हटाए जाने के पश्चात लोग बसने लगे थे जबकि यह क्षेत्र प्रतिबंधित था। ऐसे में अपनी भूमि वापस लेने के क्रम में वन विभाग वहां बसे लोगों को हटाने जा रहा है। इसके लिए डीएफओ देहरादून की ओर से सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है। साथ ही वहां बसे करीब 18 सौ परिवारों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि आप, अवैध रूप से आरक्षित वन भूमि पर रह रहे हैं। ऐसे में आप सभी को तत्काल वहां से हटाना होगा।
नोटिस के अनुसार, इन कब्जेधारकों को 30 सितंबर को डीएफओ कार्यालय में आकर पक्ष रखना होगा। पक्ष नहीं रखने वाले के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की धारा 61-क के तहत कार्रवाई की जाएगी। इतनी बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस देने के लिए विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बुधवार देर रात करीब तीन बजे तक नोटिस बनाते रहे। गुरुवार को भी नोटिस बनाने-भेजने की प्रक्रिया जारी रही। नोटिस की कार्यवाही पूर्ण होने के बाद विभाग बसे लोगों को हटाने की विधिवत प्रक्रिया शुरू करेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›