Report by : CWN Desk
Published at :
अब श्रीनगर के खिर्सू के ग्वाड़ गांव में गुलदार ने एक 11 वर्षीय बच्चे को मार डाला

श्रीनगर। विकासखंड खिर्सू के ग्वाड़ गांव में गुलदार ने एक 11 वर्षीय बच्चे को मार डाला। क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है। गांव में मातम पसर गया है। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को शाम सवा सात बजे के करीब घर के पीछे बनी गोशाला में 11 वर्षीय अंकित सिंह रावत पुत्र राकेश सिंह रावत अपने दोस्तों के साथ कंचा खेल रहा था। जैसे ही अंकित कंचे की तलाश में गोशाला से आगे के लिए निकला तभी घात लगाए गुलदार ने हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। बच्चे की चीखने के आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद गुलदार उसे छोड़कर भाग गया। घायल अवस्था में नाबालिग को सीएचसी खिर्सू ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हाई सेंटर रेफर किया। श्रीनगर पहुंचने पर बेस चिकित्सालय के डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इससे पहले भी बीते साल 6 सितम्बर को खिर्सू के ढिकवालगांव में दिनदहाड़े गुलदार ने दादी की गोदी में बैठी चार साल की मासूम को छीनकर अपना निवाला बना लिया था। श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतबीर सिंह बिष्ट ने बताया कि मासूम के पिता चंडीगढ़ में होटल में काम करते हैं। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने की मांग उठाई है। ग्रामीण गोविंद सिंह रावत ने कहा कि गांव में गुलदार की घटना को देखते हुए गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›