Report by : CWN Desk
Published at :
एम्स में नर्सिंग ऑफीसर ने ऑपरेशन के दौरान महिला डॉक्टर को छेड़ा, निलंबित

छेड़छाड़ से आक्रोशित जेआर व एसआर ने आरोपी को गिरफ्तार के लिए प्रदर्शन
ऋषिकेश। एम्स में एक नर्सिंग ऑफीसर ने ऑपरेशन के दौरान महिला चिकित्सक से छेड़छाड़ की। घटना से आक्रोशित जेआर व एसआर ने आरोपी को गिरफ्तार करने व उनके समक्ष लाने की मांग के लिए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को एम्स से बाहर लाने मे सफल हुई। वहीं एम्स ने आरोपी पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
घटना सोमवार शाम 7 बजे की है। बताया जा रहा है कि जनरल सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर में दो महिला चिकित्सक व एक पुरुष चिकित्सक के साथ ही ऑपरेशन थिएटर में एक पुरुष नर्सिंग ऑफीसर सतीश कुमार मौजूद थे। ऑपरेशन के दौरान नर्सिंग ऑफीसर सतीश कुमार ने एक महिला चिकित्सक को अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया। आरोपी ने महिला चिकित्सक को व्हाट्सएप से अनुचित मैसेज भी भेजे। इतना ही नहीं आरोपी ने महिला चिकित्सक को व्हाट्सएप पर फांसी संबंधी स्टीकर भेजकर मानसिक उत्पीड़न और डराने का प्रयास भी किया। 
पीड़ित महिला चिकित्सक ने इस संबंध में सोमवार देर शाम को ही एम्स प्रशासन के साथ ही पुलिस चौकी में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार दोपहर तक कोई कार्रवाई न होने पर आक्रोशित जूनियर रेजीडेंट व सीनियर रेजीडेंट डाक्टरों ने परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया। इन चिकित्सकों की मांग थी कि आरोपी को गिरफ्तार कर उनके सामने से ले जाया जाए। चिकित्सकों ने आरोप लगाया कि आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए ऑपरेशन थिएटर की उपस्थिति रजिस्टर में छेड़छाड़ भी की गई है। पुलिस ने देर शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपी सतीश कुमार को हिरासत में लिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›